*पर्यटन की संभावनाएं तलाशने कलेक्टर ने लिया जायजा*
*कहा, ग्रामीणों के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा जरूरी संसाधनों का विस्तार*
उत्तर बस्तर कांकेर, 26 सितम्बर 2025/ प्राकृतिक सौंदर्य और नैसर्गिक खूबसूरती से परिपूर्ण जिले में खमढोडगी, धारपारूम के बाद भानुप्रतापपुर क्षेत्र में एक और पर्यटन क्षेत्र विकसित होने जा रहा है। ग्राम पंचायत परवी के आश्रित ग्राम जलहूर और भुरका की पहाड़ियों में पर्यटन की दृष्टि से बेहद खूबसूरत घाटीनुमा पहाड़ अवस्थित है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने इस इलाके का आज दौरा कर भावी पर्यटन केंद्र के रूप में संभावनाएं तलाशी। अधिकारी द्वय ग्राम जलहूर से लगभग डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर चढ़कर पूरे इलाके का मुआयना किया।
भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम केवटी से बायी ओर खड़का, भुरका, परवी पहाड़ियों के बीच स्थित है। यहां से पहाड़ की ऊंचाई पर बसे ग्राम जलहूर से पगडंडीनुमा मार्ग से होते हुए लगभग डेढ़ किलोमीटर की ऊंचे क्षेत्र में चित्ताकर्षक और मनमोहक घाटी है। पहाड़ की ऊंचाइयों से आसपास की पहाड़ियां, पठार और निचले क्षेत्र का दृश्य काफी खूबसूरत नजर आता है।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की विशेषताओं की जानकारी ली। मावा पर्यटन स्थल हकुम माड़ नाम से प्रचलित क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नैसर्गिक खूबसूरती से परिपूर्ण इस क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में हकूम माड़ क्षेत्र को जिला प्रशासन के सहयोग से बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कलेक्टर ने यह भी बताया कि नई पर्यटन नीति के तहत सैलानियों को अपेक्षाकृत अधिक सहूलियतें प्रदान करने वित्तीय सहायता का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने मावा पर्यटन स्थल हकुम माड़ समिति के सदस्यों और स्थानीय सरपंच को इस क्षेत्र को स्वच्छ बनाने, प्लास्टिक और पॉलीथिन आदि प्रतिबंधित करने और नशामुक्त क्षेत्र रखने की अपील की। साथ ही विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने ग्रामीणों को जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग करने की भी बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए ग्राम खड़का के समीप एक साल के भीतर पुल तैयार किया गया तथा इस क्षेत्र में दो और बहु प्रतीक्षित पुलियों की स्वीकृति प्रशासन द्वारा दी गई है। जिला सीईओ श्री मंडावी ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कि स्थानीय लोगों के द्वारा इतने बेहतरीन पर्यटन क्षेत्र को एक्सप्लोर किया गया है जो सराहनीय है। उन्होंने इस इलाके में सुरक्षा और मूलभूत और आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की प्रशासनिक पहल किए जाने की बात कही। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और ग्रामीणजन उपस्थित थे।



