Korea Police achieve major success – All accused in double murder case arrested, country-made pistol and live cartridges recovered from main accused
कोरिया से भगवान दास की रिपोर्ट
कोरिया। जिले के ग्राम बड़े साल्ही में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्या कांड का खुलासा करते हुए कोरिया पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा एवं 07 नग जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी हत्या के बाद भी किसी बड़े अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे।
थाना बैकुंठपुर क्षेत्र के ग्राम बड़े साल्ही में 14 अक्टूबर 2025 की रात रायराम केवट और उसकी पत्नी पार्वती बाई की जलाकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलने पर बचरापोंडी चौकी प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां रायराम की जलने से मौत हो चुकी थी जबकि पार्वती बाई गंभीर रूप से झुलसी हुई थी। बाद में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में बैकुंठपुर कोतवाली, चौकी पोड़ी बचरा और सायबर सेल की विशेष टीम गठित की गई।
जांच में सामने आया कि मृतक का दामाद सुरेश ठाकुर उर्फ बबलू उर्फ कानपुरिया (निवासी कानपुर देहात, वर्तमान पता खड़गवां कोलपारा) ने अपने साथी प्रदीप बैरागी (निवासी मंडला, मध्यप्रदेश) के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाना बदलते रहे ताकि गिरफ्तारी से बच सकें।
पुलिस टीम ने आरोपियों को पनाह देने और छिपाने में मदद करने वाले तीसरे व्यक्ति सहदेव सूर्यवंशी (निवासी ठगगांव) को भी हिरासत में लिया। सायबर सेल से प्राप्त तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए कोरबा से महाराष्ट्र के नागपुर तक सर्च अभियान चलाया। अंततः कोरिया पुलिस ने रतनपुर और कटघोरा के बीच से मुख्य आरोपी सुरेश ठाकुर और प्रदीप बैरागी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने खड़गवां के पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर रात के अंधेरे में मृतक रायराम के घर पहुंचे और सोते हुए उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे रायराम की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी पार्वती बाई भी आग की लपटों में झुलस गई।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी से देशी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल होंडा लीवो (UP77X 3746) को भी पुलिस ने जब्त किया है।
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन कुमार लकड़ा, सायबर प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, आरक्षक अरविंद कौल, दीपक पांडे, नवीन साहू, अमरेशानंद, शिवम सिन्हा, सजल जायसवाल, समीर जायसवाल, इलियास कुजूर, राजेश रगड़ा, मनोज पांडे, राघवेंद्र पुरी, रौशन एक्का, कुंदन सिंह और सुयश पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।



