Organise Rajyotsav in the district in keeping with the dignity of the Silver Jubilee: Collector
उत्तर बस्तर कांकेर 29 अक्टूबर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश भर में राज्योत्सव- 2025 मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय में 02, 03 एवं 04 नवम्बर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के द्वारा विगत 25 वर्षों में हुए विकास एवं प्रगति का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन इन तिथियों में किया जाएगा। राज्योत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज सायं 4.30 बजे जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य शासन द्वारा रजत वर्ष मनाया जा रहा है। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिले में पिछले 25 वर्षों में हुए क्रमिक विकास, प्रगति तथा सकारात्मक परिवर्तन को फोकस करते हुए रजत वर्ष की गरिमा के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन करें। उन्होंने बैठक में सभी अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाने तथा सकारात्मक बदलाव को प्रदर्शित करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही सौंपे गए दायित्वों को निर्वहन गंभीरता से करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
राज्योत्सव में रहेगी छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
जिला पंचायत के सीईओ एवं राज्योत्सव आयोजन के नोडल अधिकारी श्री हरेश मण्डावी ने बताया कि जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 का आयोजन आगामी 02, 03 एवं 04 नवंबर को नरहरदेव पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में किया जाएगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुख्य रूप से 02 नवंबर को हिरेश सिन्हा एवं ग्रुप चारामा (आदिवासी आन) द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 03 नवंबर को कवि सम्मेलन मीर अली मीर (राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त) तथा 04 नवंबर को गरिमा दिवाकर-स्वर्णा दिवाकर (अंजोर लोक कला मंच) की प्रस्तुति दी जाएगी। इनके अतिरिक्त स्थानीय लोक कलाकारों को भी मंचीय कार्यक्रम में प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा।



