Home Blog बस्तर सांसद महेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य में राज्योत्सव में विभागीय योजनाओं...

बस्तर सांसद महेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य में राज्योत्सव में विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

0

विभिन्न विभागों ने प्रदर्शित की विकास यात्रा, योजनाओं की झलक देखकर उत्साहित हुए नागरिक

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25वें रजत महोत्सव के अवसर पर मिनी स्टेडियम बीजापुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस प्रदर्शनी में जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण, आदिम जाति कल्याण, डाक विभाग (पोस्ट ऑफिस), खाद्य, वन, पुलिस, नगर पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), क्रेडा, कृषि, मछली पालन, पशुधन, आयुष, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपनी-अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

Ro.No - 13672/156

हर विभाग के स्टॉल पर जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पोस्टर, मॉडल, चार्ट और डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की उपयोगिता और लाभ को सरल ढंग से प्रदर्शित किया गया।

शिक्षा विभाग ने नई शिक्षा नीति और स्कूल शिक्षा में नवाचारों की जानकारी दी, वहीं खेल विभाग ने खिलाड़ियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के साथ खेल प्रोत्साहन योजनाओं को दर्शाया।
आदिम जाति कल्याण विभाग ने जनजातीय विद्यार्थियों हेतु छात्रवृत्ति, आवासीय योजनाओं, जनजातीय संस्कृति, पूजा पद्धति, देवगुड़ी और स्थानीय खान-पान की झलक प्रस्तुत की। खाद्य विभाग ने राशन वितरण और समर्थन मूल्य योजनाओं की जानकारी दी, जबकि वन विभाग ने वनोपज आधारित आजीविका और हरित मिशन से संबंधित कार्यों का प्रदर्शन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला आत्मनिर्भरता कार्यक्रमों की झलक दिखाई।

स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने जन औषधि केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाओं और आयुष उपचार पद्धति की जानकारी प्रदान की। राज्योत्सव में आए नागरिकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सभी स्टॉलों का भ्रमण किया। प्रदर्शनियों में प्रदर्शित नवाचारों ने राज्य के विकास और जनकल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को उजागर किया।

मुख्य अतिथि महेश कश्यप ने गर्भवती माता को पोषण किट प्रदान की एवं नवजात शिशु का कराया अन्नप्राशन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने सभी विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल में गर्भवती माता को सुपोषण किट प्रदान की तथा नवजात शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। इस दौरान कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन वाय, तथा सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राज्योत्सव का यह आयोजन जनभागीदारी और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरक प्रयास साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here