
जिले के 77 हजार बच्चों को 03 मार्च से पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की खुराक
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 फरवरी 2024/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सक्षाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई, जिसमें राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर 03 मार्च को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के कोई भी बच्चा छूटने ना पाए। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ अंचलों सहित कई जगहों पर निर्माण कार्यों में लगे मजूदरों, श्रमिकों के बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पल्स पोलियो की ड्रॉप पिलाना सुनिश्चित करें।
बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. नितिन पाटिल द्वारा बताया गया कि भारत देश में आखिरी बार 13 जनवरी 2011 को पोलियो वायरस का मामला प्रकाश में आया था तथा वर्तमान में भारत पोलियो मुक्त देश है, किन्तु भारत के पड़ोसी देशों में पोलियो वायरस का संक्रमण अभी भी जारी है, इसलिए हमारे देश में पोलियो वायरस के संचरण हो सकता है। इससे बचाव हेतु 3 मार्च 2024 को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के प्रथम दिवस 03 मार्च 2024 को पोलियो बूथ के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी तथा 04 एवं 05 मार्च को घर-घर भ्रमण कर बच्चों को पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी। पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारी, सूक्ष्म कार्ययोजना निर्माण, हाई रिस्क एरिया का चिन्हांकन किया जा चुका है। यह भी बताया गया कि जिले में लगभग 77 हजार 626 बच्चों को पोलियो वैक्सीन की मौखिक खुराक पिलाई जाएगी। साथ ही मीजल्स-रूबेला के उन्मूलन हेतु सभी पात्र 2 वर्ष आयु तक के शत-प्रतिशत बच्चों को मीजल्स-रूबेला टीका का प्रथम एवं द्वितीय डोज़ लगाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा। अभियान के सफलतापूर्वक संचालन तथा 0 से 5 वर्ष आयु समूह के शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने हेतु कलेक्टर ने जिला स्तरीय महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग करने निर्देशित किया गया।
इसके पश्चात राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अन्तर्गत आज कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टी.बी. टास्कफोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें टी.बी. मुक्त पंचायत, प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान (निक्षय मित्र) के सम्बंध में विस्तृत में चर्चा की गई। कलेक्टर ने इसके लिए साथ ही टीबी मरीजों को 06 माह तक निक्षय मित्र के रूप में गोद लेने के लिए सभी समाजसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, जिला एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों से अपील की गई, ताकि मरीजों के इलाज में मदद मिल सके। कलेक्टर ने जिले को 2025 तक टी.बी. मुक्त किये जाने हेतु जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जैसे ही टीबी रोग के लक्षण आये तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जा कर अपनी बलगम की जांच कराएं। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री प्रखर चन्द्राकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, जिला क्षय अधिकारी डॉ. के.के. धु्रव, टीकाकरण अधिकारी डॉ. ओ.पी. शंखवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।



