Courtesy meeting of Shramik Journalist Association with the new police station in-charge of Lalungha, Girdhari Saav
पत्रकारों ने गुलदस्ता भेंट कर किया स्वागत, पुलिसिंग व्यवस्था पर हुई सार्थक चर्चा
लैलूंगा। लैलूंगा थाना में हाल ही में पदस्थ हुए नए थाना प्रभारी गिरधारी साव से गुरुवार को श्रमजीवी पत्रकार संघ लैलूंगा इकाई के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष बज्रदास महंत के नेतृत्व में पत्रकारों ने थाना प्रभारी का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान थाना प्रभारी गिरधारी साव ने पत्रकारों से सौहार्दपूर्ण बातचीत करते हुए कहा कि लैलूंगा क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था की मजबूती और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।बैठक में पत्रकारों ने क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध शराब कारोबार, गांजा तस्करी, तथा कबाड़ माफिया की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की। इस पर थाना प्रभारी साव ने कहा कि इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए विशेष टीम गठित की जाएगी जो ऐसे अपराधों की निगरानी और कार्यवाही दोनों करेगी।
थाना प्रभारी ने आगे कहा कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) को और अधिक सक्रिय किया जाएगा ताकि चोरी, अवैध परिवहन तथा अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया दोनों समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, और दोनों के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराधों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
अध्यक्ष बज्रदास महंत ने कहा कि पत्रकार समाज के बीच की कड़ी होते हैं, जो जनता की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गिरधारी साव के नेतृत्व में लैलूंगा क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराधों पर नकेल कसी जाएगी।
इस मौके पर संघ के पदाधिकारी सचिव शतीश शुक्ला, उपाध्यक्ष विकास गुप्ता,सतीश चौहान, कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा,अभिषेक मिश्रा,अश्वनी पंडा,संतोष चौहान,नटवर निगानिया,पंकज गुप्ता,सुनील जिंदल,नित्यानंद गुप्ता, अपरान्स सिंहा जुनेद सहित पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने थाना प्रभारी से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव साझा किए और पुलिस प्रशासन के सहयोग का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी गिरधारी साव ने भी पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस हर नागरिक के साथ है, और मीडिया की रचनात्मक भूमिका समाज को अपराधमुक्त बनाने में अहम योगदान दे सकती है।



