बिलाईगढ़ – ग्राम पंचायत पंडरीपानी के आश्रित ग्राम नवापारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला नवापारा एवं पूर्व माध्यमिक शाला में बाल दिवस कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, पालकगण एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि प्रहलाद साहू शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र कल्याण के लिए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बाल दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिक्षा तथा विकास के प्रति समाज में जागरूकता लाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि आज भी कई बच्चे गरीबी, बाल श्रम और अशिक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। बाल दिवस हमें इन समस्याओं को दूर करने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
“बाल दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाने वाला दिन है।”
प्रहलाद साहू ने आगे कहा कि उनकी माता एवं ग्राम पंचायत पंडरीपानी की सरपंच नीरादेवी साहू का सपना गांव का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने बताया कि सर्वांगीण विकास का अर्थ केवल अधोसंरचना निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों और ग्रामीणों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और नैतिक उत्थान भी उतना ही आवश्यक है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा विगत चार माह की पढ़ाई और गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण पालकों के समक्ष किया गया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें स्पोर्ट्स टी-शर्ट भेंट की गई, जिससे बच्चों, पालकों और शिक्षकों में विशेष उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम का समापन उल्लास व बच्चों की खुशियों के बीच हुआ।



