BJP government completes two years – MLA Renuka Singh expresses gratitude to the people of Bharatpur-Sonhat and the people of the state for their mandate and trust
*एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी/भरतपुर–सोनहत। भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भरतपुर–सोनहत विधानसभा की विधायक रेणुका सिंह ने सबसे पहले भरतपुर–सोनहत की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास, स्नेह और समर्थन के साथ उन्हें सेवा का अवसर दिया है, वही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। इसके साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों का भी धन्यवाद किया।
विधायक रेणुका सिंह ने कहा—
“भरतपुर–सोनहत की मेरी जनता ने जिस अपार जनादेश के साथ मुझे सेवा का अवसर दिया, वह मेरे जीवन का गर्व का विषय है। आप सभी का विश्वास ही छत्तीसगढ़ में सुशासन की भाजपा सरकार बनाने में महत्वपूर्ण आधार रहा है। मैं क्षेत्र के हर परिवार और प्रत्येक साथी का हृदय से धन्यवाद करती हूँ।”
उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में भाजपा सरकार ने विकास, सुशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के निर्माण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को गति मिली है।
जनादेश दिवस के अवसर पर उन्होंने 3 दिसंबर 2023 को जनता द्वारा दिए गए ऐतिहासिक जनादेश को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने विकास, संस्कृति संरक्षण, किसानों, युवाओं और महिलाओं की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से विजय दिलाई। इस जनादेश ने प्रदेश में स्थिरता और विकास के नए युग की शुरुआत की है।
रेणुका सिंह ने कहा कि आने वाले समय में भी सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है—
“हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएँ, हर क्षेत्र में संतुलित विकास और सभी वर्गों की उन्नति।”
अंत में उन्होंने पुनः भरतपुर–सोनहत की जनता को विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि वे आप सभी के सहयोग, विश्वास और स्नेह के साथ निरंतर जनसेवा और विकास के कार्यों में तत्पर रहेंगी।



