A deadly attack was carried out on a customer service center operator, his car was vandalized, he was verbally abused, and received death threats. An FIR has been registered.
रायगढ़। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोइरदादर के बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीती रात एक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर जानलेवा हमला किया गया है। इस क्रम में संचालक की कार को तोड़ फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने इसकी शिकायत चक्रधर नगर थाने में दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार महथा ने चक्रधरनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है । शिकायत में कहा गया है कि दिनांक 09.12.25 की रात्रि 10.30 बजे पंकज कुमार अपने ग्राहक सेवा केंद्र बंद कर घर जाने के लिए निकले थे तभी उनकी पत्नी ने उन्हें फोन कर चक्रधरनगर चौक से घरेलू सामान लाने के लिए कहा । पंकज कुमार अपनी कार क्रमांक CG 13 AP 6256 से चक्रधरनगर चौक गए पर रात अधिक हो जाने से सारी दुकान बंद हो गई थी। पंकज कुमार वापस अपने निवास स्थान कृष्ण वाटिका जा रहे थे तभी उन्होंने कार के साइड मिरर से देखा कि बोईरदादर चौक से कुछ लड़के हाथ में डंडा व राड लेकर दो पहिया वाहन से उनका पीछा करते आ रहे हैं । लड़कों ने पंकज कुमार को रूकवाने की कोशिश की । पंकज कुमार ने उन लड़कों में से मनीष सावलानी और बब्बन सावलानी को पहचान लिया । मालूम हो कि पूर्व में पंकज कुमार और मनीष सावलानी के बीच पुराने मामले को लेकर मन मुटाव/रंजिश है। इसी बात को लेकर बब्बन और मनीष शायद पंकज को रूकवाने की कोशिश कर रहे थे । पर पंकज ने अपनी कार को किसी प्रकार से आगे बढ़ा लिया और अपनी कालोनी के गेट के पास मोड़ने के लिए धीमा किया । तभी बब्बन सावलानी ने रॉड मार कर पंकज की कार के पीछे वाली कांच को तोड़ दिया और कार के सामने अपनी गाड़ी अड़ा कर पंकज का रास्ता रोक दिया । बब्बन और मनीष सहित सभी लड़कों ने पंकज को मां बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी । तब पंकज ने किसी तरह अपनी कार को आगे बढ़ाया और अपने घर तक पहुंचे और घर के अंदर घुस गए । तब तक वे सारे लड़के घर के पास आ गए। वहां मनीष सावलानी और उसके दोस्तों के द्वारा मां बहन की अश्लील गालियां दी गई और धमकी देते हुये कहा गया कि घर से बाहर निकल तुझे आज नहीं छोड़ेंगे , बहुत गवाह बनता है आज तेरी गवाही लेते हैं । सभी लड़के गाली गलौच करते हुए और धमकी देते हुए कालोनी गेट के पास कार के कांच को तोड़ते हुए चले गए। इनमें बब्बन सावलानी , मनीष सावलानी, पंकज सावलानी सहित अन्य थे । पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 324(4), 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।



