The procurement process is transparent, easy, and reliable: Farmer Shivlochan
पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से धान खरीदी जारी
रायपुर / मुंगेली में जिले की 66 समितियों के 105 उपार्जन केन्द्रों में प्रतिदिन नियमानुसार, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से खरीदी की जा रही है। किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए खरीदी केन्द्रों में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन के बेहतर प्रबंधन के कारण किसानों को खरीदी केंद्रों में धान विक्रय करने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
ग्राम जोगीपुर के किसान श्री शिवलोचन सिंह राजपूत, जिन्होंने अब तक 48 क्विंटल से अधिक धान का विक्रय किया है, उन्होंने खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि टोकन प्रक्रिया सरल है और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौल तेज एवं सटीक हो रही है। खरीदी केंद्रों में छाया, पेयजल, बैठक व्यवस्था सहित किसानों हेतु आवश्यक सुविधाएँ सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई गई हैं। श्री राजपूत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की स्पष्ट नीतियों और प्रशासन के समयबद्ध प्रयासों के कारण खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम और विश्वसनीय बन गई है। इससे किसानों का विश्वास और उत्साह दोनों बढ़ा है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा धान खरीदी प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से की जा रही है, साथ ही किसानों के लिए 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा निर्धारित की गई है। यह कार्य आगामी 31 जनवरी 2026 तक जारी रहेगा. उचित मूल्य एवं समय पर खरीदी के कारण किसानों को अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल प्राप्त हो रहा है, जिससे जिलेभर में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।



