*विद्यार्थियों को किसी विशेष दुकान से पाठ्य-पुस्तकें एवं गणवेश खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा*
रायगढ़ / जिले के निजी विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को किसी विशेष दुकान से पाठ्य-पुस्तक एवं गणवेश खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल एवं विद्या विकास कॉन्सेप्ट स्कूल, रायगढ़ को औपचारिक पत्र जारी किया गया है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से सभी संबंधित विद्यालयों में केवल NCERT/SCERT की पाठ्य-पुस्तकों से ही अध्यापन कराया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की पाठ्य-पुस्तकों या गणवेश का विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया है कि विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों या अभिभावकों को किसी एक विशेष दुकान से किताबें या गणवेश खरीदने के लिए बाध्य नहीं करेंगे। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी निजी विद्यालयों को स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में इस तरह की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



