Training on firefighting and disaster management was conducted at the annual camp.
उत्तर बस्तर कांकेर 26 दिसंबर 2025/ 8 छत्तीसगढ़ स्वतंत्र कंपनी (एनसीसी) कांकेर द्वारा शासकीय बालक एवं कन्या आश्रम सिंगारभाट में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-2025 के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिविर का आयोजन कैम्प कमांडेंट कर्नल सुमीत शर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है।
शिविर के दौरान कमांडेंट जिला सेनानी होमगार्ड कांकेर के मार्गदर्शन में अग्निशमन केंद्र प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा फायर फाइटिंग एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर आग लगने की स्थिति में उससे बचाव, त्वरित नियंत्रण तथा जान-माल के नुकसान को कम करने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। टीम ने अग्निशमन के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन करते हुए कैडेटों को आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, सेवा-भाव से कार्य करने एवं जनधन की रक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में एनसीसी कैडेटों को पीटी, योग, ड्रिल, शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, प्राथमिक चिकित्सा, मैप रीडिंग, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ थल सेना से संबंधित विविध प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न समसामयिक एवं उपयोगी विषयों पर व्याख्यान भी दिए जा रहे हैं। उक्त शिविर में कुल 558 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं।



