बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीजापुर और सुकमा जिलों में चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। इन नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल जैसे अत्याधुनिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।
कहां हुई मुठभेड़
सुकमा जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. यह अभियान सुबह से चल रहा है, जिसमें जिला पुलिस बल, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों की संयुक्त टीम शामिल है. ताजा जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है.
जवानों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी
जैसे ही सुरक्षा बल संदिग्ध क्षेत्र में आगे बढ़े, माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए मोर्चाबंदी की और इलाके में अपनी पकड़ मजबूत कर ली. फायरिंग की आवाजों से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, हालांकि सुरक्षा कारणों से ग्रामीणों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई थी.
अभियान अभी जारी
Naxal Encounter: सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक एनकाउंटर वाली जगहों से 14 माओवादियों की लाशें बरामद की गई हैं। हालांकि, ऑपरेशन अभी भी जारी है। एनकाउंटर की सही जगह, इसमें शामिल सुरक्षा बलों की संख्या और दूसरी सेंसिटिव जानकारी अभी रोक दी गई है ताकि तैनात सैनिकों की सुरक्षा पक्की हो सके।



