बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बस्तर सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। स्वास्थ्य, कृषि, आवास, सड़क, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर संबित मिश्रा ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, दिशा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



