The Assam team inspected the houses built under the Pradhan Mantri Awas Yojana in Gram Jasakarra.
उत्तर बस्तर कांकेर 31 जनवरी 2026/ – छत्तीसगढ़ राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवासों की गुणवत्ता, प्रगति एवं क्रियान्वयन के अध्ययन हेतु असम की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। असम से आये अधिकारियों की टीम में संयुक्त आयुक्त आवास श्री दुर्गावती नाथ, SEP, PMAY-G असम श्री रंजीत दास एवं श्री नीलोत्पल मिश्रा शामिल थे। राज्य कार्यालय से उपायुक्त PMAY-G श्री राजेंद्र पांडे, सहायक अभियंता MGNREGA श्री सोमकांत साहू भी निरीक्षण में शामिल हुए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विकासखंड चारामा अंतर्गत ग्राम पंचायत जैसाकर्रा का अवलोकन किया। टीम ने योजना के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों की स्थिति की समीक्षा की और लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद कर योजना से संबंधित जानकारी ली।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि असम की टीम ने जिले में अभिसरण के तहत हितग्राहियों को मनरेगा के तहत प्राप्त हो रहे समयबद्ध मजदूरी भुगतान एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्राप्त हो रहे शौचालय एवं आवास निर्माण की गुणवत्ता की सराहना की। टीम ने अपने राज्य में भी इस पद्धति को लागू करने पर चर्चा की। इस अवसर पर योजना के लाभार्थी हितग्राही श्री हिरामन सिंह, श्री सहदेव निषाद एवं श्रीमती दुलारीबाई निषाद उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पक्का आवास प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।





