मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
लोरमी/मुंगेली।- जनपद पंचायत लोरमी अंतर्गत ग्राम पंचायत लपटी के कांशीपारा स्थित घोघरा नाला में आज तक पुल का निर्माण नहीं हो पाने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 06 कोदवा महंत की जनप्रतिनिधि सुश्री रानी दीदी देवा मार्को ने कलेक्टर महोदय (जनदर्शन) मुंगेली को ज्ञापन सौंपते हुए पुल निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम लपटी को लोरमी नगर पालिका से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग घोघरा नाला से होकर गुजरता है, लेकिन आजादी के बाद से अब तक इस नाले पर कोई पक्का पुल नहीं बन पाया है। वर्तमान में यहां केवल कच्ची मिट्टी का रास्ता है, जिससे बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के समय नाला उफान पर होता है, जिससे कई बार लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं किसान अपनी उपज मंडी तक नहीं पहुंचा पाते, जिससे आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
जनपद सदस्य सुश्री रानी दीदी देवा मार्को ने कहा कि यह मार्ग सैकड़ों ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा है। पुल के अभाव में वर्षों से ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कलेक्टर से घोघरा नाला पर शीघ्र पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की ताकि क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके।
इस मांग के समर्थन में ग्राम लपटी के कई ग्रामीणों ने भी हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है, जिनमें प्रमुख रूप से दिनेश रमेश, रामलाल, कन्हैया राजपूत, फुलचंद, महावीर सिंह, रामचंद्र, मनोज राजपूत, अनिल, राजकुमार, कृष्ण यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि जनदर्शन में उठे इस मुद्दे पर जिला प्रशासन गंभीरता से संज्ञान लेकर जल्द ही पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा और क्षेत्र का समुचित विकास संभव हो पाएगा।



