Home Blog कमिश्नर ने किया अनाथालय, वृद्धाश्रम व आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण

कमिश्नर ने किया अनाथालय, वृद्धाश्रम व आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण

0

*समाचार*

*कांकेर की सेंट्रल लाइब्रेरी व मावा मोदोल कोचिंग संस्था का लिया जायजा*
उत्तर बस्तर कांकेर, 20 फरवरी 2026/ बस्तर संभाग के आयुक्त श्री डोमन सिंह जिला मुख्यालय में स्थित विभिन्न शासकीय संस्थाओं सेंट्रल लाइब्रेरी, मावा मोदोल कोचिंग संस्था, विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी, वृद्धाश्रम तथा उदय नगर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत हुए तथा इन्हें और अधिक बेहतर व सुविधायुक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
संभागायुक्त श्री सिंह ने जिले के प्रवास के दौरान आज दोपहर नगर के पुराना कचहरी में स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी तथा मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से रूबरू हुए तथा आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि राज्य लोक सेवा आयोग के अलावा व्यापमं की विभिन्न परीक्षाओं के लिए सतत तैयारी करें। उन्होंने आगामी 22 फरवरी को आयोजित होने वाली पीएससी की परीक्षा के लिए दौरान आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रश्नों का हल तनाव मुक्त होकर करने की बात कही। इसके पश्चात वे मावा मोदोल कोचिंग संस्था में जाकर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन कर और अधिक बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा को दिए।
इसके बाद कमिश्नर श्री सिंह ने शिवनगर स्थित विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी (अनाथालय) का आकस्मिक निरीक्षण किया। केन्द्र के अधीक्षक ने बताया कि यह एजेंसी जुलाई 2015 से संचालित है तथा अब तक 108 बच्चे प्रवेशित हुए हैं, जिनमें से 56 बच्चों को दत्तक ग्रहण में दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इनमें से छह बच्चों को विदेशी नागरिकों ने गोद लिया है। संस्था में वर्तमान में 08 बच्चे पंजीकृत हैं। कमिश्नर ने विभिन्न कक्षों का अवलोकन करते हुए वहां के रखरखाव तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने संस्था की विभिन्न पंजियों का निरीक्षण भी किया। साथ ही शासकीय मद से संस्था को और भी सुविधायुक्त बनाने के निर्देश एसडीएम को दिए। तदुपरांत वे उदय नगर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-17 का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से खुलने एवं बंद होने का समय पूछा तथा किचन शेड और भण्डार कक्ष में जाकर उपलब्ध सामग्रियों का निरीक्षण किया, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। साथ ही स्थानीय सहयोग से केन्द्रों में बैठने के लिए दरी एवं भोजन पकाने एवं परोसने के लिए नए बर्तन का स्टॉक सुनिश्चित करने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया।
*वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के बीच बैठकर जाना हालचाल*
जिला मुख्यालय प्रवास के दौरान कमिश्नर श्री सिंह कांकेर नगर के समीपस्थ ग्राम नंदनमारा में स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे जहां उ.न्होंने बुजुर्ग महिलाओं के बीच बैठकर उनकी सेहतमंदी और संस्थागत सुविधाओं के बारे में पूछा। वयोवृद्ध महिलाओं ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रतिमाह डॉक्टर की टीम आती है। इस पर कमिश्नर ने निर्देशित किया कि डॉक्टरों की टीम प्रत्येक सप्ताह यहां आकर बुजुर्ग महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करें। साथ ही सभी महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी व्यक्तिगत जानकारी हेल्थ कार्ड में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। उन्होंने शयन कक्ष तथा रसोई कक्ष का भी निरीक्षण कराया तथा राशन, सब्जी आदि की गुणवत्तापूर्वक उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम कांकेर श्री वर्मा को दिए तथा प्रत्येक माह उक्त संस्था का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत से रूबरू होने व उच्च कार्यालय को प्रतिवेदन प्रेषित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि उक्त संस्था किराए के भवन में संचालित है। कमिश्नर ने उप संचालक समाज कल्याण को वृद्ध महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति का परिचय देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाओं और सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए।
क्रमांक/185/सिन्हा

Ro.No - 13672/156

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here