संकल्प से सिद्धि तक : 1.72 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट प्रदेश की समृद्धि की ओर सशक्त कदम
उत्तर बस्तर कांकेर, 25 फरवरी 2026/ प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने मंगलवार 24 फरवरी को विधानसभा में छत्तीसगढ़ का आम बजट 2026-27 पेश किया, जिसे उन्होंने ’संकल्प से सिद्धि तक’ का नाम दिया। उक्त बजट 1.72 लाख करोड़ रूपए के ऐतिहासिक बजट का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बजट पेश होने पर जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक तथा कल्याणकारी बताते हुए बस्तर के विकास के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ बजट निरूपित किया।
कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांकेर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का प्रावधान किया है, जो क्षेत्रवासियों की बरसों पुरानी मांग थीं। इसके बन जाने से बस्तर के युवाओं को बड़े अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि कांकेर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। यह बजट सभी सार्वजनिक हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो राज्य सरकार की कल्याणकारी मंशा को दर्शाता है।
अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम देव उसेण्डी ने आम बजट की घोषण होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि सुदूर वनांचल क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में तेजी जाएगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सिंचाई परियोजना की दिशा में बेहतर एवं समन्वित प्रयास को केन्द्रीत कर सुशासन के ध्येय से राज्य सरकार द्वारा आम बजट तैयार किया गया है।
राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा ने इसे सर्वसमावेशी एवं सर्वग्राही बताया है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना की दृष्टि से छत्तीसगढ़ में परिवहन, ऊर्जा, संचार, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य में विशेष ध्यान आम बजट 2026-27 में दिया गया है जो राज्य के विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। साथ ही बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के विकास पर विशेष फोकस किया गया है। अबूझमाड़ और जगरगुंडा में “एजुकेशन सिटी“ शिक्षा के क्षेत्र में बस्तर को एक नई पहचान देगी और मछली पालन को प्रमुख आजीविका साधन के रूप में विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इसे विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देने वाला साबित होगा और इससे ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आम बजट में समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के मूल मंत्र को प्राथमिकता दी है। यह बजट समाज के हर वर्ग किसान, मजदूर, महिला, युवा और व्यापारियों की जनाकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक ने आम बजट 2026-27 को विकास का आईना बताया है। उन्हांने कहा कि बस्तर में औद्योगिक विकास की दिशा में कृषि संबंधित उद्योगों की स्थापना के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री स्टार्टअप योजना से युवाओं को नई दिशा मिलेगी। श्री कौशिक ने बताया कि नगरीय विकास के लिए उक्त बजट में 2150 करोड़ रूपए का ऐतिहासिक प्रावधान किया गया है, जिससे निश्चित तौर पर नगर पालिका कांकेर की सूरत व सीरत में सकारात्मक बदलाव निश्चित तौर पर दिखेगा। इस तरह जिले के जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ को संवारने के संकल्प वाले इस बजट को कल्याणकारी और सर्वजनों के हित में बताया है।



