उत्तर बस्तर कांकेर, 26 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिले के अंतागढ़ विकाखण्ड के ग्राम पंचायत सुरेवाही में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत कोतकुड़ के आश्रित ग्राम बागझर में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहां पदस्थ दिव्यांग सहायक शिक्षक श्री गणेश गोटा उपस्थित पाए गए। पूछे जाने पर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बताया कि सहायक शिक्षक श्री गोटा अपनी ड्यूटी पर नियमित रूप से उपस्थित होकर सतत अध्यापन कार्य कराते हैं। कलेक्टर ने उक्त शिक्षक की सराहना की। साथ ही निरीक्षण के दौरान इसी शाला में पदस्थ नीलम ध्रुव अनुपस्थित पाई गई। उन्होंने उक्त सहायक शिक्षक को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी को दिए।
तदुपरांत कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने ग्राम बड़ेपिंजोड़ी से बागझर पर निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। साथ ही धनेली से बोड़ागांव के मध्य सेतु निर्माण संभाग द्वारा तैयार किए जा रहे पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालन अभियंता सेतु निर्माण श्री राजेन्द्र सोनकर को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे। तत्पश्चात कलेक्टर ने ग्राम धनेली के समीप पीएम जनमन के तहत चलाए जा रहे जागरूकता रथ (मोबाइल मेडिकल यूनिट) का औचक निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों द्वारा कराए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में मेडिकल स्टाफ से जानकारी ली। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए उक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट को कारगर बताया।



