उत्तर बस्तर कांकेर, 10 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद् के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार चन्द्रवंशी (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) की अध्यक्षता में कृषि एवं समवर्गीय विभागों की समीक्षा बैठक कार्यालय उप संचालक कृषि, कांकेर के सभाकक्ष में आज आहूत की गई जिसमें केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति के संबंध में समीक्षा की गई। साथ ही समवर्गीय विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडा अनुसार कृषि विभाग की राज्य एवं केन्द्र पोषित योजनाओं के अन्तर्गत वर्ष 2025-26 का घटकवार लक्ष्य, आबंटन, भौतिक पूर्ति एवं वित्तीय पूर्ति, जलग्रहण की वार्षिक कार्ययोजना के तहत् किये गये कार्यों की प्रगति, धान के बदले अन्य फसलों की खेती, रबी 2025-26 में बीज, उर्वरक मांग भण्डारण एवं वितरण तथा उर्वरक-बीज की कालाबाजारी के प्रकरणों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की गयी। इसके अलावा समवर्गीय विभाग- उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, बीज निगम, रेशम पालन विभाग, जल संसाधन विभाग, क्रेड़ा विभाग की राज्य पोषित एवं केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के अंतर्गत 2025-26 कर घटकवार लक्ष्य, आबंटन, भौतिक पूर्ति एवं वित्तीय पूर्ति की समीक्षा की गयी, जिले में धान खरीदी की स्थिति के संबंध में मार्कफेड की समीक्षा की गयी। बैठक में श्री आलोकचंद्र ठाकुर, भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कोमरा तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कृषकगण उपस्थित रहे।



