Home कांकेर नेशनल लोक अदालत में 1 लाख 62 हजार से अधिक प्रकरणों का...

नेशनल लोक अदालत में 1 लाख 62 हजार से अधिक प्रकरणों का हुआ तात्कालिक निराकरण

0

 

उत्तर बस्तर कांकेर, 14 मार्च 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार टामक द्वारा लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से आपसी सहमति के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु सहयोग करने की अपील की गई।

Ro.No - 13672/156

साथ ही सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के अंतर्गत न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया, वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया।

उक्त नेशनल लोक अदालत में आज कुल 1 लाख 62 हजार 306 प्रकरणों का तात्कालिक निराकरण किया गया। इसके लिए जिले में 07 खंडपीठों का गठन किया गया था, जिनमें जिला न्यायालय कांकेर में 03, भानुप्रतापपुर में 02 एवं पखांजूर में 02 खंडपीठ का गठन किया गया था।

नेशनल लोक अदालत के माध्यम से 2655 लंबित प्रकरणों में कुल 2235 प्रकरण निराकृत किया गया, जिसमें कुल एक करोड़ 76 लाख 28 हजार 282 रुपये की अवार्ड राशि पारित की गई। साथ ही प्री-लिटिगेशन प्रकरणों जैसे बैंक वसूली, विद्युत एवं जलकर, टेलीफोन आदि के 1 लाख 60053 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 160 हजार प्रकरणों का निराकरण हुआ एवं 3 करोड़ 32 लाख 22 हजार 194 रुपये की राशि समझौते के माध्यम से वसूल की गई।

इस दौरान न्यायालय परिसर में आयुष चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें शुगर, आँख, नाक, कान, गला एवं त्वचा संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार किया गया। उक्त शिविर में कुल 48 नागरिक लाभान्वित हुए, साथ ही 16 नागरिकों का नेत्र परीक्षण भी किया गया। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 17 नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

इसी क्रम में यातायात विभाग द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आरटीओ विभाग द्वारा भी सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर नागरिकों को जागरूक किया गया। आज आयोजित नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक सहित कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी श्री निखिल अशोक रखेचा, डीएफओ श्री रौनक गोयल तथा श्री देवेंद्र जैन, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ कांकेर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here