📍 पुलिस अधीक्षक कार्यालय
📍 जिला – उत्तर बस्तर कांकेर (छ. ग.)
📍 दिनांक – 16.03.2026
🔶 कांकेर पुलिस ने शुरू किया व्हाट्सएप आधारित शिकायत पोर्टल ।
🔶 घर बैठे दर्ज करें शिकायत, तुरंत मिलेगी उसकी अद्यतन स्थिति की जानकारी ।
🔶 मॉडर्न पुलिसिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग से समयबद्ध होगा शिकायतों का निराकरण ।
🟦पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस सेवाओं को और अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने तथा स्मार्ट पुलिसिंग और मॉडर्न पुलिसिंग की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए व्हाट्सएप आधारित “पुलिस शिकायत पोर्टल” प्रारंभ किया गया है।
🟦इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से अब आम नागरिक अपने मोबाइल फोन से ही व्हाट्सएप के जरिए आसानी से अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे तथा अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रकार नागरिक घर बैठे ही अपनी शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
🟦प्राप्त होने वाली शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने के लिए कांकेर पुलिस द्वारा एक डिजिटल मॉनिटरिंग डैशबोर्ड भी विकसित किया गया है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से शिकायतों की थानावार समीक्षा एवं निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी,जिसके द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय सीमा में हो। साथ ही शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान की भी सतत निगरानी की जाएगी।
🟦कांकेर पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 94791-55125 पर “Hi” या “नमस्ते” लिखकर संदेश भेजने पर नागरिकों को दो विकल्प प्राप्त होंगे।
🔹 1. शिकायत दर्ज करें ।
🔹 2. दर्ज शिकायत की स्थिति देखें ।
➡️यदि कोई व्यक्ति शिकायत दर्ज करना चाहता है तो उसे व्हाट्सएप पर 1 लिखकर भेजना होगा, जिसके बाद आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उसकी शिकायत दर्ज की जाएगी। प्रत्येक शिकायत को अलग क्रमांक दिया जायेगा, जिसके जरिये अपनी शिकायत की ट्रैकिंग की जा सकेंगी।
➡️दर्ज शिकायत की स्थिति जानने के लिए 2 लिखकर भेजने पर शिकायत का स्टेटस देखा जा सकेगा।
➡️इसके अतिरिक्त शिकायत के निराकरण के पश्चात शिकायतकर्ता इसी नंबर पर फीडबैक भी दे सकेंगे, जिससे पुलिस प्रशासन को अपनी सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायता मिलेगी।
🟦कांकेर पुलिस की यह पहल स्मार्ट पुलिसिंग, डिजिटल गवर्नेंस एवं पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नागरिकों को सरल, सुगम, पारदर्शी और त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग कर अपनी शिकायतें सीधे पुलिस तक पहुंचाएं।



