बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम संगमपल्ली में प्रस्तावित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच एवं सचिव द्वारा बिना ग्राम सभा आयोजित किए ही शराब दुकान खोलने के लिए फर्जी प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है। उनका कहना है कि इस महत्वपूर्ण निर्णय में गांव के लोगों की सहमति नहीं ली गई, जो पंचायत नियमों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि गांव में शराब दुकान खुलने से शराबखोरी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है और विवाद व हिंसा की घटनाएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा, पंचायत क्षेत्र की शांति और विकास पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा ग्राम सभा की अनुमति के बिना किसी भी स्थिति में शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों में उप सरपंच सरस्वती सोढ़ी, वल्वा किशन, वल्वा विनोदा, सोढ़ी गौरैया, गणपत, वल्वा बकैया, पूर्व सरपंच सुनील उद्दे सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल रहे।



