बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट के नेतृत्व में भैरमगढ़ ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र ग्राम पंचायत टिंडोड़ी में गांव चलो – बस्ती चलो अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया। भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर शुरू हुए इस अभियान के तहत टिंडोड़ी, धुसावाड़ा एवं करेमरका सहित आसपास के गांवों में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इस दौरान उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई और उनके लाभ की स्थिति का फीडबैक भी लिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कहा कि यह अभियान सेवा, समर्पण और संगठन के भाव से प्रेरित है, जिसका लक्ष्य हर गांव और हर बस्ती तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान चौपाल एवं बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। साथ ही युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री बलदेव उरसा, मंडल अध्यक्ष चिन्नाराम तेलम, वरिष्ठ नेता अनु ठाकुर, मुन्नूराम लेकम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



