Successful Organization of a Free Health Camp at Jindal Adarsh Vidyalaya, Kirodimal Nagar
किरोड़ीमल नगर। जिंदल आदर्श ग्राम्य भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, किरोड़ीमल नगर में अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में जिंदल आदर्श ग्राम्य भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, किरोड़ीमल नगर द्वारा आदर्श भारती शिक्षण समिति, किरोड़ीमल नगर के तत्वावधान में तथा क्लैरिटी डायग्नोस्टिक एंड आई केयर के सहयोग से दिनांक 11 अप्रैल 2026 (शनिवार) को विद्यालय परिसर, “विद्यार्थ भवन” में निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया।
निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर में तीनों भवनों के 747 विद्यार्थी तथा 150 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं, जिनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर एवं शुगर टेस्ट, नेत्र जांच तथा महिला एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श शामिल रहे।
शिविर में उपस्थित प्रमुख चिकित्सकों में
• डॉ. भानुप्रताप पटेल (एमबीबीएस, जनरल फिजिशियन)
• डॉ. विभा अग्रवाल (बीएएमएस, सीजीओ, स्त्री रोग विशेषज्ञ)
• डॉ. सलोनी अग्रवाल (एमबीबीएस, एमएस, फैको (कॉर्निया विशेषज्ञ)
• डॉ. गौरव अग्रवाल (एमबीबीएस, एमडी, रेडियोडायग्नोसिस)
ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर चेयरमैन श्री विजय कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि,
“समाज की सेवा ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता और समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों से आमजन को बहुत लाभ मिलता है और उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह सहज रूप से उपलब्ध हो पाती है। हम आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखेंगे।”
मैनेजिंग डायरेक्टर श्री प्रणय कुमार अग्रवाल ने कहा कि,“स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से हम लोगों को समय पर जांच और सही परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। भविष्य में भी विद्यालय एवं समिति द्वारा ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।”
वहीं सीबीएसई प्राचार्या श्रीमती प्रियंका जैन ने अपने संबोधन में कहा कि,
“स्वस्थ रहेगा तन तो मस्त रहेगा मन। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस सप्ताह के अंतर्गत इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास का माध्यम भी है। हम विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।”
विद्यालय प्रबंधन समिति ने इस पहल को समाज के स्वास्थ्य के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम बताया और शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय स्टाफ एवं सहयोगी संस्थाओं के योगदान की सराहना की।




