जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
उत्तर बस्तर कांकेर 16 अप्रैल 2026/ भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत ‘‘ज्ञानभारतम् मिशन’’ प्रारंभ किया गया है। राज्य शासन के निर्देशानुसार ‘‘राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान’’ अंतर्गत कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। जिसकी पहली बैठक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह सदस्य सचिव श्री हरेश मण्डावी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सर्वेक्षण हेतु विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गई, जिसके अनुसार रूपरेखा तैयार कर जिले के ग्राम पंचायतों, नगरपालिका, नगर पंचायत, राज पैलेस, धार्मिक संस्थानों, प्राचीन मंदिर, ट्रस्ट, मठ, विद्यालय, महाविद्यालय स्तर पर सघन संपर्क करते हुए प्राचीन पाण्डुलिपियों, ताड़पत्रों एवं हस्तलिखित पोथियों में निहित भारत की समृद्ध (ज्ञान परम्परा एवं बौद्धिक) विकास के साक्ष्य को संग्रहित किया जाएगा, ताकि भावी पीढ़ी अपनी इस अमूल्य धरोहर से परिचित हो सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडावी द्वारा जनजातीय बाहुल्य जिला होने के कारण विभिन्न समाज प्रमुखों के साथ प्रत्यक्ष भेंट करते हुए उनके निजी, सरकारी दस्तावेजों के माध्यम से जानकारी संग्रहित करने हेतु निर्देश दिये गये। सर्वेक्षण अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के अंतर्गत नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी और सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में दायित्व सौंपने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्टेला खलको, भानुप्रतापदेव शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री चेतन लाल पटेल, सहायक प्राध्यापक श्री शरद ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कांकेर श्री पवन मेरिया, जिला मिशन समन्वयक श्री नवनीत पटेल एवं भाषाविद श्री सुकलाल नुरेशिया उपस्थित थे।



