Home Blog कलेक्टर निलेश क्षीरसागर बोले— प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हर सुविधा देना प्रशासन की...

कलेक्टर निलेश क्षीरसागर बोले— प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता

0

हमर लक्ष्य योजना” के तहत कांकेर में निःशुल्क JEE-NEET कोचिंग का कलेक्टर व विधायक ने किया निरीक्षण*

*दूरस्थ अंचलों के बच्चों के सपनों को मिल रही नई उड़ान, आवासीय कोचिंग से बन रहा सुनहरा भविष्य*

Ro.No - 13759/40

कांकेर, 21 अप्रैल। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल बन रही “हमर लक्ष्य योजना” के अंतर्गत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं JEE एवं NEET की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। जिले के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का मंगलवार को निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं आसाराम नेताम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं विधायक ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, तैयारी और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से भी चर्चा कर अध्ययन व्यवस्था, पाठ्यक्रम संचालन और विद्यार्थियों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिले में यह निःशुल्क कोचिंग दो प्रमुख स्थानों पर संचालित की जा रही है। पहला केंद्र विकासखंड कांकेर अंतर्गत शहीद रामकुमार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित है, जहां NEET के 148 तथा JEE के 42 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस प्रकार यहां कुल 190 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु 6 अनुभवी एवं उत्कृष्ट शिक्षक नियुक्त किए गए हैं।

दूसरा केंद्र विकासखंड भानुप्रतापपुर स्थित मावा मोदोल कोचिंग सेंटर में संचालित है, जहां NEET के 125 एवं JEE के 44 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। यहां कुल 169 विद्यार्थियों को 4 अनुभवी शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी वही अवसर मिलें, जो बड़े शहरों के विद्यार्थियों को उपलब्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण मिलने पर जिले के विद्यार्थी निश्चित रूप से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करेंगे।

विधायक आसाराम नेताम ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि “हमर लक्ष्य योजना” दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे अब JEE और NEET जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कर पा रहे हैं, जो पहले संभव नहीं था।

इन आवासीय कोचिंग केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए ठहरने, भोजन, पुस्तकालय, अध्ययन कक्ष, स्वच्छ परिसर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी भी की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिले के अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की आवश्यकता नहीं रही। जिले में ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी मिलने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा है।

“हमर लक्ष्य योजना” आज कांकेर जिले के सैकड़ों विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा दे रही है। यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव ला रही है, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम भी बन रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here