उत्तर बस्तर कांकेर 22 अप्रैल 2026/ जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत नगरीय क्षेत्र के 36 प्रगणकों और 6 पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण नगर पालिका सभाकक्ष में जारी है। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस नगरीय चार्ज अधिकारी पवन कुमार मेरिया ने डिजिटल जनगणना में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के दायित्वों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधान, मूलभूत तकनीकी शब्दावली जैसे, मकान सूचीकरण, जनगणना भवन, परिवारों के प्रकार और स्व-गणना जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही फील्ड ट्रेनरों ने जनगणना के इतिहास, फील्ड वर्क और पूछे जाने वाले प्रश्नों पर भी मार्गदर्शन दिया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला जनगणना अधिकारी जितेन्द्र कुमार कुर्रे के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण का कार्य संपन्न हो चुका है, जबकि वर्तमान में नगरीय निकायों में प्रशिक्षण जारी है।



