बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला -बीजापुर जिले के पालनार स्कूल के प्रधान पाठक राजू पुजारी (निवासी – चेरपाल) द्वारा 22 अप्रैल 2026 को ग्राम चेरपाल क्षेत्र के खेत-जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में थाना कोतवाली बीजापुर में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मौके पर पहुंचकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पंचनामा के दौरान मृतक के पास से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से स्कूल भवन निर्माण कार्य ठेकेदार देवाशीष मंडल द्वारा कराया जा रहा था, जिसमें लगभग 40 प्रतिशत भुगतान हो चुका था। शेष राशि के भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि मृतक लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था और निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर कुछ व्यक्तियों द्वारा दबाव डालकर गलत कार्य कराने एवं फंसाने की आशंका से भयभीत था। अब तक की जांच, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं गवाहों के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (Abetment to Suicide) का मामला पाया गया है, जो संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। प्रकरण में पुलिस द्वारा FIR दर्ज कर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी ठेकेदार देवाशीष मंडल (पिता – निरांद मंडल, उम्र 36 वर्ष, निवासी – डारापारा, बीजापुर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर सूक्ष्मता से जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर दी यह जानकारी।



