नरहरपुर । कांकेर जिले के नरहरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम जामगांव में गुरुवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ एक ग्रामीण के घर और दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जिस वक्त यह हादसा हुआ, मकान मालिक अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:00 बजे दिलीप रजक के घर से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उसने देखते ही देखते पूरे घर और उसमें स्थित सिलाई दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना तत्काल सरपंच, सचिव और मकान मालिक दिलीप रजक को दी गई। मौके पर पहुंचे सरपंच के निर्देशानुसार पानी का टैंकर मंगवाया गया, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पीड़ित दिलीप रजक अपनी सिलाई मशीन की दुकान के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इस आगजनी में उसकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन ‘सिलाई मशीन’ और ग्राहकों के कीमती कपड़े जलकर खाक हो गए। घर में रखा राशन, धान, चावल और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। पीड़ित का कहना है कि इस हादसे में उसका 5 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
“शादी की खुशियों के बीच इस खबर ने सब कुछ छीन लिया। मेरी आँखों के सामने मेरा सालों का संघर्ष राख हो गया। अब परिवार पालने का कोई सहारा नहीं बचा हैं ।”
हादसे की सूचना तुरंत नरहरपुर तहसीलदार को दी गई। शुक्रवार सुबह पुलिस टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए नरहरपुर तहसीलदार ने राजस्व अमले को नुकसान के त्वरित आंकलन और जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा दिलाने की बात कही है।



