उत्तर बस्तर कांकेर 09 मई 2026/जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी द्वारा जनपद पंचायत कांकेर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद पंचायत कांकेर में कुल 2517 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 279 आवास अप्रारंभ तथा 788 आवास अपूर्ण पाए गए।
बैठक में समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शासन की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत सुरेली, पीढा़पाल एवं नारा की प्रगति निराशाजनक पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिवों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए तथा 10 दिवस के भीतर कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु आदेशित किया गया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर श्री अश्वनी यादव, ए.पी.ओ. पीएमएवाई-जी श्री संतलाल गोटा, जिला समन्वयक श्री प्रतीक तिवारी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी और समस्त आवास नोडल अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर एवं समस्त ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित थे।



