⬜ एनसीसी के लगभग 500 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, मोबाइल के सुरक्षित उपयोग एवं आपातकालीन सेवाओं की दी गई जानकारी।
⬜ विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप एवं महिला सुरक्षा संबंधी विषयों पर किया गया जागरूक।
⬜ पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में सेंट माइकल स्कूल, कांकेर में विशेष साइबर जागरूकता एवं महिला सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
⬜ कार्यक्रम में साइबर प्रभारी निरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार साहू, साइबर टीम एवं महिला रक्षा टीम की उपस्थिति में एनसीसी के लगभग 500 छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक, कानूनी एवं साइबर सुरक्षा विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
⬜ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक आईडी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड एवं लोन ऐप फ्रॉड जैसे मामलों से सतर्क रहने हेतु जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी से ओटीपी, बैंकिंग जानकारी अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी एवं जिम्मेदारीपूर्वक करें।
⬜ छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अध्ययन कार्यों में मोबाइल फोन के सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें समझाइश दी गई कि मोबाइल एवं इंटरनेट का उपयोग केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर शिक्षा, सामान्य ज्ञान, तकनीकी जानकारी एवं करियर निर्माण के लिए भी किया जा सकता है।
⬜ महिला रक्षा टीम द्वारा छात्राओं एवं विद्यार्थियों को “अभिव्यक्ति ऐप” के उपयोग, महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं कानून संबंधी अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल अपने परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
⬜ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया गया।
⬜ कार्यक्रम में महिला रक्षा टीम प्रभारी ASI शशिकला साहू ,आरक्षक पर्वत पोया,विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी उपस्थित रहे।
📢कांकेर पुलिस की अपील :
सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का उपयोग सावधानीपूर्वक करें। किसी भी प्रकार संदिग्ध गतिविधियों की सूचना अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 एवं 112 व साइबर ठगी पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।



