भारत टॉकीज के सामने चल रहा था आईपीएल सट्टा, नकदी, मोबाइल और सट्टा-पट्टी जब्त
रायगढ़। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस को 24 मई 2026 की रात सूचना मिली थी कि धरमजयगढ़ स्थित वर्षों से बंद पड़े भारत टॉकीज के सामने कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन एक व्यक्ति मौके पर सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया।
आरोपी की पहचान, नकदी और मोबाइल बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष भौमिक (38 वर्ष) निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी, खरसिया रोड बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कागज बरामद हुआ, जिसमें आईपीएल टीमों के नाम और रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 725 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा सट्टा-पट्टी जब्त की है। मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है, जिसमें ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
धरमजयगढ़ थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 149/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में एएसआई मंजू मिश्रा, आरक्षक विजयानंद राठिया एवं कमलेश केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फरवरी से अब तक 62 सटोरिये गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अंक सट्टा नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रही, बल्कि कोलकाता से लेकर गोवा तक फैले नेटवर्क से जुड़े खाईवालों पर भी शिकंजा कसा गया है।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 से अब तक जिले में 62 सटोरियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस दौरान 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, दो नोट गिनने की मशीनें और लैपटॉप सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियां युवाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाले संगठित अपराध हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और सट्टा संचालित करने वालों के साथ-साथ सट्टा खेलने वालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



