*जिला प्रशासन की पहल बनी विद्यार्थियों के सपनों का सहारा*
उत्तर बस्तर कांकेर, 25 मई 2026/ जिला प्रशासन कांकेर द्वारा संचालित “हमर लक्ष्य” योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिला कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में जिले के कुल 51 छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जा रही है। शासकीय मदद से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी से मुलाकात कर उच्च शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समय पर मिली आर्थिक सहायता ने उनके उच्च शिक्षा के सपनों को नई दिशा प्रदान की है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे विद्यार्थियों में एमबीबीएस के एक, बीडीएस के एक, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (जीजीयू) के चार, शंकराचार्य कॉलेज जुनवानी भिलाई के एक तथा आईआईआईटी के एक छात्र-छात्रा शामिल थे। इसके अलावा बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं में बोधनी देवी नर्सिंग इंस्टीट्यूट जगदलपुर के 10, सृष्टि नर्सिंग कॉलेज रायपुर के 04, भारत इंस्टीट्यूट दानीटोला बालोद के 03 तथा लीलादेवी नर्सिंग कॉलेज मोतीपुर राजनांदगांव सहित कुल 26 विद्यार्थी शामिल थे। विद्यार्थियों ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त करना कई परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सहायता राशि उनके लिए संबल का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस सहयोग से न केवल उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सकेगी, बल्कि वे अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा हमें जो सहयोग प्रदान किया जा रहा है, वह हमारे लिए अमूल्य है। हम सभी छात्र-छात्राएं इस सहायता के लिए सदैव ऋणी रहेंगे। यह सहयोग हमें अपने सपनों को पूरा करने और समाज के लिए बेहतर योगदान देने की प्रेरणा देता है। ”जिला प्रशासन द्वारा संचालित “हमर लक्ष्य” योजना जिले के मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। यह योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य गढ़ने का अवसर भी उपलब्ध करा रही है। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं द्वारा कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात के समय जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद एवं डीएमसी नवनीत पटेल भी उपस्थित रहे।



