बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला- जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर एवं व्यवस्थित तैयारी के लिए एक नई सौगात मिली है। कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में बीजापुर कैरियर एकेडमी का शुभारंभ किया गया। एकेडमी के माध्यम से युवाओं को UPSC, CGPSC, SSC, CG Vyapam बैंकिंग, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
शुभारंभ अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। पहले ही दिन 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीयन कर एकेडमी के प्रति उत्साह दिखाया। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, नवीनतम सिलेबस, समय प्रबंधन तथा सफलता के प्रभावी तरीकों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान सभी प्रतिभागियों को CGPSC परीक्षा का नवीनतम सिलेबस निःशुल्क वितरित किया गया, जिससे वे अपनी तैयारी को बेहतर ढंग से शुरू कर सकें। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने युवाओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
एकेडमी में 02 जून 2026 से नियमित कक्षाओं का संचालन प्रारंभ होगा। प्रारंभिक चरण में दो बैच संचालित किए जाएंगे, जिनमें विशेष रूप से CGPSC एवं CG Vyapam की तैयारी कराई जाएगी। इस पहल से जिले के युवाओं को अपने गृह जिले में ही गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।



