भानुप्रतापपुर/अंतागढ़ अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कलगांव में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य में लगे ग्रामीण मजदूरों पर अचानक बिजली गिरने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय कार्यस्थल पर लगभग 70 से 80 ग्रामीण मजदूर काम कर रहे थे। सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी। बिजली की चपेट में आने से कई मजदूर प्रभावित हुए, जिनमें तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल पांच लोगों को तत्काल उपचार के लिए अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



