Home कांकेर आदिवासी क्रीड़ा परिसर कांकेर व नरहरपुर में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा जून...

आदिवासी क्रीड़ा परिसर कांकेर व नरहरपुर में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा जून से

0

 

*छात्र-छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क आवास एवं खेल प्रशिक्षण की सुविधा*

Ro.No - 13848/159

उत्तर बस्तर कांकेर 17 जून 2026/ जिले के शासकीय आदिवासी कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर तथा शासकीय आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर नरहरपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके लिए योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षकों के द्वारा आदिवासी छात्र-छात्राओं का चयन 10 बैटरी टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर में प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा 22 जून तथा अंतिम चयन 27 जून 2026 को प्रातः 9 बजे से परिसर के खेल मैदान में आयोजित होगा। वहीं बालक क्रीड़ा परिसर नरहरपुर में प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा 24 जून तथा अंतिम चयन 01 जुलाई 2026 को प्रातः 9 बजे से खेल मैदान में किया जाएगा। अर्हता के संबंध में बताया गया कि इसमें प्रवेश हेतु कक्षा 6वीं के लिए आयु 11 से 12 वर्ष, कक्षा 7वीं के लिए 12 से 13 वर्ष, कक्षा 8वीं के लिए 13 से 14 वर्ष तथा कक्षा 9वीं के लिए 14 से 15 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को आधार कार्ड, अंकसूची एवं जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही परीक्षण के दौरान निकर एवं टी-शर्ट पहनकर उपस्थित होना होगा। दोनों क्रीड़ा परिसरों में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, खो-खो, कबड्डी एवं हैंडबॉल खेल विधाओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के किसी भी विद्यालय अथवा आश्रम में अध्ययनरत आदिवासी छात्र-छात्राएं चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे तथा मिडिल स्तर के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के लिए निर्धारित 10 बैटरी टेस्ट में दौड़, शटल रेस, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, गतिशील संतुलन परीक्षण, अपर बॉडी शक्ति परीक्षण, पुश-अप्स, लेग रेजिंग, सीट-अप्स तथा उछाल परीक्षण शामिल हैं। इसी तरह कन्या परिसर में 50 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ तथा बालक परिसर में 100 मीटर एवं 400 तथा 800 मीटर दौड़ का परीक्षण लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क, निष्पक्ष एवं पारदर्शी होगी। चयनित खिलाड़ियों को विभागीय नियमों एवं शर्तों का पालन करना होगा तथा स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। क्रीड़ा परिसरों में चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, शिक्षा व्यवस्था, खेल परिधान, खेल सामग्री तथा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर हेतु मोबाइल नंबर 9406284694 एवं 9424274925 तथा बालक क्रीड़ा परिसर नरहरपुर हेतु 7879410661 एवं 9827983755 पर संपर्क किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here