उसूर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026 का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों का हुआ सम्मान
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026 का भव्य आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य अध्यक्ष शंकरैया माड़वी तथा विशिष्ट अतिथियों अर्चना मड़ी, रवना झाड़ी, सरोजनी सी.पी., मनोज अवलम, भीमा कट्टम, सरस्वती वासम एवं सरपंच ईश्वरी ऊईका की उपस्थिति में मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक सामूहिक नृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम. वी. राव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
मनोज अवलम ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों की भूमिका की सराहना की तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष शंकरैया माड़वी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बेहतर भविष्य की आधारशिला है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर विकासखंड के सेवानिवृत्त शिक्षक तमडी गणपत, व्याख्याता स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मुरकीनार चापड़ी समैया, प्रधान अध्यापक माध्यमिक शाला चेहरामंगी तथा प्रधान अध्यापक माध्यमिक शाला चिंतकोटा चंद्रशेखर मोरला का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, श्रेष्ठ शिक्षक, श्रेष्ठ शिक्षा दूत एवं श्रेष्ठ भृत्य को शील्ड एवं सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
अंत में खंड स्रोत समन्वयक रामकृष्ण पदेनपल्ली ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, बच्चों को विद्यालय से जोड़ने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



