हत्या का सनसनीखेज खुलासा: प्रेम विवाह से नाराज पिता, चाचा और बड़े पिता ने की बेटी की हत्या
महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा में खेत से बरामद अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि महिला के पिता, चाचा और बड़े पिता ने मिलकर की थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को ग्राम तुरेंगा के एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के गले और शरीर पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान थे। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई। विवेचना में पता चला कि रानी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था। इसी बात से उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह बेहद नाराज थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपियों ने मिलकर रानी की हत्या की साजिश रची। बहाने से उसे अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान खेत में ले गए, जहां धारदार हथियार से गले पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम गुजरात के सूरत पहुंची, जहां से मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने दोनों भाइयों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। वहीं, फरार आरोपी दिनेश सिंह और राजेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



