Home Blog दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई बस, आग लगने से 8 यात्रियों की...

दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई बस, आग लगने से 8 यात्रियों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

0

दौसा/इंदौर: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर की ओर जा रही ‘हंस ट्रेवल्स’ की एक स्लीपर बस कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। इस भयावह हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 5 यात्री मध्य प्रदेश के इंदौर के बताए जा रहे हैं। वहीं, 22 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

देर रात 2:30 बजे नींद में थे यात्री, धमाके के साथ भड़की आग

दौसा के एसपी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर के बाद एक जोरदार धमाका हुआ और बस के अगले हिस्से में तेजी से आग फैल गई। चूंकि स्लीपर बस का मुख्य दरवाजा आगे की तरफ होता है, इसलिए टक्कर के कारण वह जाम हो गया और खुल नहीं पाया।
अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस के कांच (विंडो स्क्रीन) तोड़कर कई लोगों को बाहर निकाला। जो यात्री घायल होने के कारण खुद हिल नहीं पाए, वे आग की चपेट में आ गए। मृतकों में 6 लोगों की जान झुलसने की वजह से हुई है, जबकि 2 यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया।

Ro.No - 13848/159
शवों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट

हादसे में केबिन का हिस्सा पूरी तरह खाक हो जाने के कारण बस ड्राइवर की भी मौत होने की खबर है। बस में कई शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना मुश्किल हो गया है, प्रशासन अब डीएनए (DNA) जांच के जरिए मृतकों की पहचान स्थापित करेगा।

घायलों में इंदौर और ओंकारेश्वर के लोग शामिल

इस बस में इंदौर से करीब 22 यात्रियों की बुकिंग थी। हादसे की खबर मिलते ही मध्य प्रदेश में रहने वाले उनके परिजनों में हड़कंप मच गया है। घायलों को इलाज के लिए दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिगरेट के पैकेट से आग भड़कने का दावा, जांच जारी

स्थानीय निवासियों का दावा है कि बस के स्टोरेज बॉक्स (कार्गो) में सिगरेट के पैकेट लदे हुए थे, जिसकी वजह से आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसपी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फिलहाल केवल 9 घायलों की ही स्पष्ट पहचान हो सकी है, बाकी यात्रियों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here