महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल ‘केतन अग्रवाल हत्याकांड’ में सोशल मीडिया पर ज़हर उगलना एक महिला डेंटिस्ट को बहुत भारी पड़ गया है। ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने सख्त एक्शन लेते हुए मध्य प्रदेश इकाई की कोषाध्यक्ष डॉ. मुस्कान सोनी को तत्काल प्रभाव से 5 साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या को सोशल मीडिया पर सही ठहराने की कोशिश की थी।
क्या था विवादित पोस्ट? (#IHateMan हैशटैग का खेल)
दरअसल, केतन अग्रवाल की उनकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इस दर्दनाक मौत के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की।स्टोरी में डॉ. सोनी ने ‘I Hate Man’ हैशटैग का इस्तेमाल किया।पोस्ट के कमेंट्स और लहजे से साफ लग रहा था कि वे इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के मुख्य आरोपियों का बचाव कर रही हैं और मृतक केतन की मौत का मज़ाक उड़ा रही हैं।एसोसिएशन ने इसे बेहद आपत्तिजनक, अपमानजनक और संस्था के नैतिक मूल्यों के पूरी तरह खिलाफ माना।
एसोसिएशन का कड़ा रुख: हिंसा का महिमामंडन बर्दाश्त नहीं
मामले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए एसोसिएशन के पदाधिकारी डॉ. मूदौतिया ने कहा:”एसोसिएशन अपने किसी भी पदाधिकारी या सदस्य को ऐसे बयान देने की इजाजत नहीं दे सकता जो हिंसा को सही ठहराते हों, उसका महिमामंडन करते हों, या फिर मृतक के प्रति अनादर दिखाते हों। संगठन ऐसे व्यवहार के प्रति जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाता है। हर सदस्य से प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद की जाती है।”
सस्पेंशन के दौरान लागू रहेंगे ये कड़े प्रतिबंध:
डॉ. सोनी आगामी 5 वर्षों तक किसी भी आधिकारिक हैसियत से एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगी।संगठन की किसी भी बैठक, सम्मेलन या संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेने पर पूरी तरह रोक रहेगी।अपने पद या सदस्यता से जुड़े किसी भी अधिकार या जिम्मेदारी का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगी।
पोस्ट पर डॉक्टर ने मांगी माफी
इस पोस्ट की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई, जिसके बाद डॉ. सोनी ने माफी मांगी। हालांकि, एसोसिएशन ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए यह माफी काफी नहीं थी।



