विकसित भारत-जी राम जी योजना का शुभारंभ, ग्रामीण परिवारों को अब मिलेगा 125 दिनों का रोजगार, मजदूरी दर 261 रूपए से बढ़कर हुई 300 रूपए

उत्तर बस्तर कांकेर, विकसित भारत- रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (जी राम जी) योजना का जिले में शुभारंभ समारोह कांकेर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बेवरती में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग थे, अध्यक्षता विधायक श्री आशाराम नेताम ने की। कार्यक्रम में योजना के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-जी राम जी योजना ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत गांवों के विकास कार्य ग्राम सभाओं के प्रस्ताव के आधार पर पंचायतों के माध्यम से संचालित होंगे, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को अब समय पर मजदूरी का भुगतान होगा तथा जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजनांतर्गत अब ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा दैनिक मजदूरी दर 261 रूपए से बढ़ाकर 300 रूपए कर दी गई है। रोजगार नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है। समय पर मजदूरी मिलेगी, विलंब होने की स्थिति में मुआवजा देने का भी प्रावधान किया गया है। सांसद श्री नाग ने कहा कि 31 मार्च 2026 के बाद क्षेत्र में नक्सलवाद समाप्त होने से विकास कार्यों को नई गति मिली है। पहले माओवादी गतिविधियों के कारण कई विकास कार्य प्रभावित होते थे, लेकिन अब दूरस्थ गांवों तक भी विकास की किरण पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प निरंतर पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रोजगार गारंटी योजना को विकसित भारत-जी राम जी योजना के रूप में और अधिक प्रभावी बनाया गया है। अब केवल अस्थायी कार्यों तक सीमित न रहकर जल संरक्षण एवं संवर्धन, कृषि आधारित अधोसंरचना, आपदा प्रबंधन एवं बचाव, सामुदायिक परिसंपत्तियों तथा अन्य स्थायी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
कलेक्टर श्री निलेश महादेव क्षीरसागर ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्य, प्रावधानों एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों को फलदार पौधों के रोपण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। वहीं पांच हितग्राहियों को आजीविका डबरी में खेती के लिए उड़द बीज का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जनपद पंचायत कांकेर के अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, जनपद पंचायत नरहरपुर के अध्यक्ष सोमन सिंह कावड़े, श्री महेश जैन, श्री टेकेश्वर जैन, श्री दिलीप जायसवाल, श्री राजीव लोचन सिंह, एफसीआई के सदस्य श्री हलधर साहू, उपाध्यक्ष जनपद नरहरपुर संजूगोपाल साहू, श्री ईश्वर कावड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, जनपद पंचायत कांकेर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्विनी यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।



