
रायगढ़। स्थानीय सामाजिक संस्था जेसीआई रायगढ़ सिटी द्वारा सीए डे (चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस) एवं डॉक्टर्स डे (चिकित्सक दिवस) के अवसर पर एक विशेष सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं चिकित्सकों के कार्यालयों में जाकर उनके समाज के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान किया। साथ ही सीए एसोसिएशन तथा डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार एवं जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष जेसी गुलशन अग्रवाल ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डॉक्टर मानव जीवन की रक्षा कर समाज को स्वस्थ बनाने का कार्य करते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के इन दोनों वर्गों का योगदान अत्यंत प्रेरणादायक है और उनके कार्यालयों में जाकर उनका सम्मान करना जेसीआई रायगढ़ सिटी के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रायगढ़ एवं सीए एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित डॉक्टर एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट उपस्थित रहे। सभी सम्मानित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सक्रिय सदस्य जेसी नितेश अग्रवाल जोरापाली एवं जेसी सुमन दत्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी सदस्यों ने सम्मानित प्रबुद्धजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर समाज सेवा की कामना की।
उक्त जानकारी संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।



