दशकों तक शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले पांच वाहन चालकों को दी गई भावभीनी विदाई
रायगढ़। शासकीय सेवा में वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले शासकीय वाहन चालकों के सम्मान में शासकीय वाहन चालक संघ, रायगढ़ द्वारा एक गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हाल ही में सेवानिवृत्त हुए वाहन चालकों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल का सम्मान किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि वाहन चालक शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। विपरीत परिस्थितियों, विषम मौसम और दिन-रात की परवाह किए बिना अधिकारियों एवं विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में उनकी भूमिका सदैव सराहनीय रही है। सेवानिवृत्ति केवल सेवा का समापन है, लेकिन उनके अनुभव, अनुशासन और कार्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
सम्मानित होने वाले सेवानिवृत्त वाहन चालकों में शामिल हैं।
अमोल दास महिलांगे – पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग से 31 मई 2024 को सेवानिवृत्त।
टीकाराम डनसेना– महिला एवं बाल विकास विभाग से 31 मार्च 2024 को सेवानिवृत्त।
लाल बहादुर पैकरा – वन विभाग (तेंदूपत्ता) से 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त।
श्रवण चौहान – पशुपालन विभाग से सेवानिवृत्त हुए।
तेरस मिंज – जिला पंचायत रायगढ़ से 30 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।
शासकीय वाहन चालक संघ रायगढ़ के पदाधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक विदाई के साथ संपन्न हुआ।



