सरसीवा – कमल नयन बाल कल्याण समिति सरसीवा द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरसीवा में शिशु, बाल, कन्या एवं तरुण भारती का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिशु भारती प्रमुख रोहित टंडन, बाल भारती प्रमुख राम नारायण मनोहर, कन्या भारती प्रमुख कुमारी सेवती तेंदुए तथा तरुण भारती प्रमुख रोहित साहू द्वारा मां सरस्वती, ओम् एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इस अवसर पर नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का तिलक वंदन एवं बैच लगाकर सम्मान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार प्रधान ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोई भी पद छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसकी गरिमा कार्यक्षमता और दायित्वों के सफल निर्वहन से बढ़ती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से मिल-जुलकर कार्य करते हुए विद्यालय एवं विद्या भारती के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, सभी भैया-बहनों को साथ लेकर प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा गुणवत्तायुक्त शिक्षा एवं श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ आचार्य नरोत्तमलाल द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम की जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख लक्ष राम साहू ने प्रदान की।



