एमसीबी । भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्रीमती रेणुका सिंह ने एक बार फिर जनसेवा और संवेदनशील नेतृत्व का परिचय देते हुए विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक चिन्हांकित दिव्यांगजनों को अपने स्वेच्छानुदान मद से ₹5,000-₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों के लिए राहत का माध्यम बनने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाने की उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
एक दर्जन गांवों के दिव्यांगों को मिला आर्थिक संबल
इस क्रम में भरतपुर विकासखंड के भगवानपुर, भरतपुर, बेलगांव, बहरासी, बेला, चिडौला एवं जनकपुर सहित लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों के 100 से अधिक दिव्यांगजनों को सहायता राशि वितरित की जा रही है। यह आर्थिक सहयोग उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक होगा।
गरीब और जरूरतमंदों की सेवा को दिया सर्वोच्च स्थान
विधायक *रेणुका सिंह* का मानना है कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है। यही कारण है कि वे समय-समय पर दिव्यांगजनों, गरीब परिवारों, महिलाओं, किसानों एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर पहल करती रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनका जनसंपर्क केवल चुनाव तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचने का सतत प्रयास है।
भाजपा की अंत्योदय विचारधारा को धरातल पर उतारने का प्रयास
भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा “अंत्योदय”, अर्थात समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सहायता पहुंचाना, विधायक रेणुका सिंह के जनसेवा कार्यों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। स्वेच्छानुदान मद से दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करना इसी सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना का जीवंत उदाहरण है। उनका प्रयास है कि शासन की योजनाओं और व्यक्तिगत सहयोग का लाभ उन लोगों तक पहुंचे, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।
दिव्यांग हितग्राहियों ने जताया आभार
ग्राम पंचायत भगवानपुर निवासी दिव्यांग लालबहादुर साहू (पिता– मोतीलाल साहू) ने कहा, “विधायक श्रीमती रेणुका सिंह जी द्वारा स्वेच्छानुदान मद से मिली आर्थिक सहायता हमारे जैसे दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत है। यह सहयोग हमारी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगा।
ग्राम पंचायत बरेल निवासी दिव्यांग अनुज प्रताप चेरवा (पिता– गोरेलाल चेरवा) ने कहा, “दिव्यांगजनों की चिंता कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना विधायक रेणुका सिंह जी की संवेदनशील सोच को दर्शाता है।
ग्राम पंचायत बेला निवासी दिव्यांग धंसु अहिरवार (पिता– दद्दी) ने कहा, “आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों के लिए यह सहायता हमारे लिए संबल का कार्य करेगी। विधायक श्रीमती रेणुका सिंह जी ने जिस आत्मीयता के साथ हमारी सहायता की है, उसके लिए हम उनके प्रति हृदय से कृतज्ञ हैं।”



