उत्तर बस्तर कांकेर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान हो रही लगातार बारिश को देखते हुए जिले के संवेदनशील स्थानों पर सतत् निगाह रखने तथा स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों तथा तहसीलदारों को दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्राथमिकता वाले निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। साथ ही मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का भी प्राथमिकता के साथ निराकृत करने निर्देशित किया। इसके अलावा एग्रीस्टैक पोर्टल से संबंधित राजस्व विभाग में लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने शीघ्रता से समाधान करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने मुख्य सचिव द्वारा आगामी शुक्रवार 24 जुलाई को बस्तर मुन्ने की प्रगति के संबंध में प्रस्तावित बैठक की एजेण्डावार कार्यवाही करते हुए जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसी तरह कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीडीएस सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, आयुष्मान भारत योजना, पोषण पुनर्वास केंद्र, ई-ऑफिस, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, अनुविभागीय अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों के जिला एवं नगरीय निकायों के अधिकारीगण मौजूद रहे।



