मुंगेली/लोरमी ।- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहबंधा में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की पात्र छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने कहा कि राज्य शासन की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। कई छात्राओं को प्रतिदिन दूर-दराज के गांवों से विद्यालय तक आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब साइकिल मिलने से उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी तथा वे अधिक मन लगाकर पढ़ाई कर सकेंगी। यह योजना बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर छात्राएं अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और परिवार, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिलों का सुरक्षित उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नियमित रूप से विद्यालय आने का भी आग्रह किया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा से जोड़कर रखना है, ताकि दूरी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने। इस पहल से छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है और अभिभावकों ने भी शासन की इस योजना की सराहना की।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य रानी दीदी देवा मार्को, ग्राम पंचायत के सरपंच मिथिलेश धुर्वे, शाला विकास समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण धुर्वे, विद्यालय के प्राचार्य केशव ध्रुव सहित व्याख्याता बी. आर. मरावी, बी. एल. वर्मा, पी. डी. मानिकपुरी, ए. एस. राजपूत, एस. चंद्राकर, आर. के. राजपूत एवं पूनम कश्यप उपस्थित रहे। इसके अलावा सहायक ग्रेड-03 महेंद्र ध्रुव, रामकुमार बैगा, बड़ी संख्या में पालकगण तथा सूरज कोल, भूपेंद्र साहू, सतीश यादव एवं छोटू यादव सहित स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब विद्यालय तक पहुंचना पहले की अपेक्षा अधिक आसान होगा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



