केल्हारी । एमसीबी जिले के केल्हारी वन परिक्षेत्र अंतर्गत दहियाडांड बीट में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक घटना में भालू के हमले से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दहियाडांड निवासी हरिकांत चेरवा (65 वर्ष) एवं त्रिवेणी, पिता जगसाय (19 वर्ष) मंगलवार को जंगल में गाय चराने गए थे। इसी दौरान अचानक एक नर भालू ने त्रिवेणी पर हमला कर दिया। युवक को बचाने के प्रयास में हरिकांत चेरवा बीच-बचाव के लिए आगे आए, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में हरिकांत चेरवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि त्रिवेणी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घायल त्रिवेणी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 220 बिस्तरीय अस्पताल मनेंद्रगढ़ भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
वन विभाग और पुलिस टीम ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी जितेंद्र नागवंशी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र सहायक रामविलास भगत, वनरक्षक जीवन राम किंडो, संजय श्रीवास, थाना केल्हारी के उपनिरीक्षक टिकेश्वर यादव तथा जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता
वन विभाग द्वारा त्वरित राहत के रूप में मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता तथा घायल युवक को 2 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
वन परिक्षेत्राधिकारी जितेंद्र नागवंशी ने बताया कि पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शासन के नियमानुसार मृतक के परिजनों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
घटना के बाद दहियाडांड सहित आसपास के गांवों में भय और दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं, समूह में ही आवागमन करें तथा वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की भी अपील की है।



