मनेंद्रगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सोमवार, 27 जुलाई को दोपहर 2 बजे गोंडवाना भवन, इमली गोलाई, कोल्ड स्टोर के बगल, डोमनापारा, मनेंद्रगढ़ में किया जाएगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करना है। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश से नियुक्त मुख्य वक्ता के रूप में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह, विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यशाला में गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के विचारों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों एवं समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के विषय में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी जिला संगठन द्वारा निर्धारित की गई है। जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल एवं आशीष मजूमदार तथा जिला कार्यालय मंत्री रमेश यादव ने सभी मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समरसता संकल्प अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
भाजपा संगठन का मानना है कि संत गुरु रविदास महाराज के आदर्श आज भी समाज को समानता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा प्रदान करते हैं। इसी उद्देश्य के साथ आयोजित यह कार्यशाला समाज में समरसता के संदेश को और अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।



